कॉलेज भवन की मांग को लेकर सड़क पर उतरे छात्र, ABVP ने किया चक्काजाम
जन-जन की आवाज़ न्यूज़ 24 के लिए दुर्गेश यादव, मध्यप्रदेश हेड की रिपोर्ट।
बैतूल/भीमपुर। शासकीय महाविद्यालय भीमपुर के लिए स्थायी भवन की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के नेतृत्व में गुरुवार को बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने विरोध प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने कॉलेज भवन की मांग को लेकर चक्काजाम कर अपना विरोध दर्ज कराया। बाजार का दिन होने के कारण चक्काजाम से बैतूल–भीमपुर–भैंसदेही–आशापुर मार्ग पर आवागमन काफी देर तक प्रभावित रहा।
स्थायी भवन की मांग को लेकर प्रदर्शन
प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों का कहना है कि शासकीय महाविद्यालय भीमपुर के पास पर्याप्त स्वयं का भवन नहीं होने के कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विद्यार्थियों ने महाविद्यालय के लिए स्थायी भवन उपलब्ध कराने की मांग की।
ABVP की ओर से मांग रखी गई कि उत्कृष्ट विद्यालय भीमपुर के पुराने/अतिरिक्त भवन को महाविद्यालय के लिए उपलब्ध कराया जाए, ताकि विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त कक्ष उपलब्ध हो सकें और शिक्षण व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके।
कन्या विद्यालय भवन में कक्षाएं संचालित करने का विरोध
विद्यार्थियों के अनुसार प्रशासन की ओर से कलेक्टर के आदेश के तहत कन्या विद्यालय भवन में महाविद्यालय की कक्षाएं संचालित करने की व्यवस्था किए जाने की बात सामने आई है। विद्यार्थियों ने इसका विरोध करते हुए कहा कि उनकी मांग उत्कृष्ट विद्यालय के पुराने भवन को महाविद्यालय के लिए उपलब्ध कराने की है।
छात्रों ने कहा कि उन्हें एक्सीलेंस स्कूल का भवन चाहिए, अन्यथा वे मॉडल स्कूल में ही कक्षाएं संचालित करने की बात पर अड़े रहेंगे।
15 दिन में मांग पूरी नहीं हुई तो उग्र आंदोलन की चेतावनी
प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर उनकी मांग पूरी नहीं की गई, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा तथा उग्र आंदोलन किया जाएगा। विद्यार्थियों ने मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।
प्रदर्शन के दौरान करीब 1500 से 2000 छात्र-छात्राओं के शामिल होने का दावा किया गया।
बाजार के दिन चक्काजाम से ग्रामीण परेशान
भीमपुर में गुरुवार को साप्ताहिक बाजार लगता है। आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण खरीदारी के लिए भीमपुर पहुंचते हैं। चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं और ग्रामीणों, राहगीरों तथा वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन के बाद ABVP की ओर से भीमपुर तहसीलदार बसंत बरखानिया को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया कि भीमपुर जनजाति बहुल क्षेत्र है और बड़ी संख्या में विद्यार्थी शासकीय महाविद्यालय में अध्ययनरत हैं। महाविद्यालय के पास पर्याप्त भवन नहीं होने से विद्यार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में मांग की गई कि उत्कृष्ट विद्यालय का पुराना भवन महाविद्यालय को अस्थायी रूप से उपलब्ध कराया जाए, जिससे विद्यार्थियों को पर्याप्त कक्ष मिल सकें और उनकी पढ़ाई सुचारु रूप से संचालित हो सके।
ये रहे प्रमुख रूप से मौजूद
प्रदर्शन के दौरान ABVP के जिला संयोजक देवेंद्र पांसे, प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य मयंक गोली, जनजाति कार्य प्रमुख करण चढोकार, नगर अध्यक्ष आयुष मालवीय, नगर मंत्री सोनू विश्वकर्मा, नगर मंत्री नितिन उज्बाने, नगर सहमंत्री अमन कन्नौजे सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
प्रशासन की ओर से तहसीलदार बसंत बरखानिया, भीमपुर चौकी प्रभारी दिलीप यादव एवं पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। शासकीय महाविद्यालय की प्राचार्य एवं विद्यालय का स्टाफ भी प्रदर्शन स्थल पर मौजूद रहा।
रिपोर्ट: दुर्गेश यादव, मध्यप्रदेश हेड
जन-जन की आवाज़ न्यूज़ 24



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें